भाजपा ने चुनाव आयोग से की बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की शिकायत, लोगों को धमकाने का लगाया आरोप.
नई दिल्ली। भाजपा ने चुनाव आयोग से पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की शिकायत की है। सोमवार को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, सुकांत मजूमदार और पीयूष गोयल ने अन्य नेताओं के साथ दिल्ली में चुनाव आयोग से मुलाकात की और याचिका सौंपी। इसमें ममता बनर्जी पर लोगों को धमकाने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू इस मुलाकात के बाद मीडिया को बताया कि हमारी एक-एक बात चुनाव आयोग ने सुनीं। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री खुद घर तक जाकर धमकी दे रही हैं। उनकी पूरी टीम ने किस तरह पूरे चुनाव को हाईजैक किया है, हमने ये चिंता व्यक्त की है। रिजेजू ने बताया कि भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से अपील की है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होना चाहिए। पिछले तीन चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने दादागिरी करके जीत हासिल की। इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए, क्योंकि चुनाव लोगों को अपनी मर्जी से मतदान करने का एक अवसर होता है। लोकतंत्र में वोट एक मतदाता का अधिकार होता है, उसे कोई नहीं छीन सकता है। चुनाव आयोग को मतदाता के वोट को सुरक्षित करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाए कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस मशीनरी पर तृणमूल कांग्रेस ने पूरा कब्जा करके रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को बंगाल के प्रशासन और पुलिस तंत्र को अपने नियंत्रण में पूरी तरह से लेना चाहिए। किरेन रिजिजू ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में जनता तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ है। लोग आवाज उठा रहे हैं। ममता बनर्जी चुनाव हारने जा रही हैं। इससे टीएमसी बौखला चुकी है। इसी कारण तृणमूल कांग्रेस पूरे चुनाव को हाईजैक करना चाहती है।