बंगाल में ममता बनर्जी ने कहा-अगर भाजपा सत्ता में आ गई तो मछली-मीट खाना हो जाएगा बंद.
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सियासी दांवपेंच जारी है। इस बीच ममता बनर्जी ने भाजपा को लेकर कई गंभीर टिप्पणियां की हैं। ममता बनर्जी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो यहां के लोगों का खान-पान पूरी तरह बदल दिया जाएगा। मछली-मीट खाना बंद हो जाएगा।
ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में मछली नहीं खाई जाती है। वहां का माहौल बिल्कुल अलग है। मैं आप सबको सावधान कर रही हूं कि अगर बंगाल में भाजपा सत्ता में आ गई, तो आप लोग यहां चैन से मछली, मांस या अंडा भी नहीं खा पाएंगे। ये लोग अपनी मर्जी का खाना दूसरों पर थोपते हैं। मता बनर्जी यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एकतरफा सोच रखने वाली पार्टी है, जो असल में किसी भी धर्म पर विश्वास नहीं करती। सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ये लोग सिर्फ और सिर्फ नफरत फैलाने और दंगे भड़काने का काम करते हैं। ये लोग दंगे कराकर ही सत्ता की कुर्सी तक पहुंचते हैं। मासूम और बेगुनाह लोगों की जान लेकर ये लोग सत्ता का सुख भोगते हैं।
ममता बनर्जी ने कहा कि आज पूरे देश में सबसे ज्यादा आदिवासियों और महिलाओं पर अत्याचार भाजपा शासित राज्यों में ही हो रहे हैं। वहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में हमारे बंगाली बोलने वाले भाई-बहनों को निशाना बनाया जाता है, उन पर हमले किए जाते हैं। लेकिन हमारी सरकार की नीयत साफ है। हम बंगाल में किसी के भी साथ भेदभाव नहीं करते और न ही किसी पर किसी तरह का कोई अत्याचार करते हैं। हम सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।