असम में बोले गृह मंत्री अमित शाह- घुसपैठियों को रोकने के लिए राहुल गांधी करते हैं एसआईआर का विरोध.
ढेकियाजुली। असम विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को असम में थे। वहां ढेकियाजुली एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 सालों में असम में घुसपैठ को रोका है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है, क्योंकि प्रत्येक अवैध प्रवासी को उनके देशों में वापस भेजा जाना चाहिए।
शाह ने कहा कि 10 साल पहले असम में घुसपैठियों को रोकने का वादा किया था और उस वादे को निभाया। हालांकि यह पर्याप्त नहीं है, क्योंकि हमें अगले पांच सालों में प्रत्येक अवैध प्रवासी को देश से बाहर भेजना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों ने असम के मूल निवासियों के रोजगार छीन लिए हैं और गरीबों का अनाज हड़प लिया है। अमित शाह ने दावा किया कि हिमंत बिस्वा सरमा सरकार ने घुसपैठियों की ओर से कब्जा की गई 1.25 लाख एकड़ भूमि को मुक्त करा दिया है और अगले पांच सालों में सरमा यह सुनिश्चित करेंगे कि एक इंच भूमि भी उनके कब्जे में न रहे।
शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घुसपैठियों को संरक्षण देने के लिए राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध किया है। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहते हैं। शाह ने गोगोई से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान देश की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया और पाकिस्तान से आए आतंकवादियों को हमारे देश में लोगों की हत्या करने की खुली छूट दी। शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।