यूपी में सियासी हलचल तेज: मायावती का बड़ा ऐलान, सत्ता में आईं तो पश्चिमी यूपी बनेगा अलग प्रदेश .
यूपी में सियासी हलचल तेज: मायावती का बड़ा ऐलान, सत्ता में आईं तो पश्चिमी यूपी बनेगा अलग प्रदेश
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच चल रही बयानबाजी के बीच बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने बड़ा बयान देकर सियासी माहौल गर्म कर दिया है। उन्होंने संकेत दिया है कि अगर उनकी सरकार बनी तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के पहले चरण के उद्घाटन के बाद शुरू हुई राजनीतिक बहस के बीच मायावती ने इस परियोजना में हुई देरी के लिए समाजवादी पार्टी और केंद्र में रही कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर उस समय बाधाएं नहीं डाली जातीं तो यह परियोजना उनके कार्यकाल में ही पूरी हो जाती।
मायावती ने अपने बयान में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में विकास कार्यों की बजाय बसपा सरकार द्वारा किए गए जनहित के फैसलों को निष्क्रिय करने और महापुरुषों से जुड़े स्मारकों व संस्थानों की उपेक्षा करने में ज्यादा समय बिताया गया।
इसके साथ ही उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग उच्च न्यायालय पीठ और अलग राज्य की पुरानी मांग को फिर से उठाया। उनके इस बयान के बाद प्रदेश के बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि मायावती पहले भी उत्तर प्रदेश को बेहतर प्रशासन और विकास के लिए चार हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव ला चुकी हैं। वर्ष 2011 में उनकी सरकार ने यह प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा था, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
हाल के दिनों में भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा भी राज्य के बंटवारे की मांग उठाए जाने से यह मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक केंद्र में आ गया है। ऐसे में आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में यह मुद्दा और ज्यादा गर्माने की संभावना है।