केरल विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने संभाला मोर्चा, भाजपा पर लगाए एलडीएफ से गठबंधन का आरोप.
केरल। केरल में विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल मैदान संभाल चुके हैं। सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल में थे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम यहां चुनावों में एलडीएफ के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिसे बीजेपी का पूरा समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि एक तरफ यूडीएफ है, तो दूसरी तरफ एलडीएफ और बीजेपी का गठबंधन है। उन्होंने कहा कि केरल चुनावों में एलडीएफ बीजेपी का एक छिपा हुआ हाथ है और वह यहां यूडीएफ को नहीं चाहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी केरल दौरे पर सबरीमाला मुद्दे पर चुप रहे। यह भाजपा और एलडीएफ के मिलकर काम करने का संकेत है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस, केरल विधानसभा चुनाव 2026 में माकपा और भाजपा से मुकाबला कर रही है। उन्होंने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी ट्रंप के दबाव में हैं। यह सभी जानते हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि एलडीएफ नेताओं ने अयप्पा मंदिर से सोना चुराया। उन्होंने पीतल से उसे बदल दिया। प्रधानमंत्री भाजपा को नुकसान से बचाने के लिए चुप रहे। यह दर्शाता है कि भाजपा और एलडीएफ साथ काम कर रहे हैं। यह भी दिखाता है कि नरेंद्र मोदी को धर्म या मंदिरों की परवाह नहीं है। यूडीएफ सरकार मंदिर से संबंधित कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित करेगी।
मेड इन इंडिया का मुद्दा उठाते हुए राहुल ने कहा कि जब मैंने भाषण शुरू किया, तो मेरी नजर माइक पर पड़ी। उस पर मेड इन चाइना लिखा था। इस माइक पर 'मूल देश भारत' या 'मूल राज्य केरल' क्यों नहीं लिखा है? अगर हमारे पास भारत में बनी चीजें ही नहीं होंगी, तो हम केरल के युवाओं के लिए रोज़गार की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि अगर केरल का भविष्य केवल एक या दो कंपनियों के हाथों में ही रहेगा, तो हम केरल में चीजों का उत्पादन कैसे कर पाएंगे? उन्होंने मुख्यमंत्री विजयन और प्रधानमंत्री पर कॉरपोरेट के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, दोनों मिलकर इस देश को अदानी और अंबानी के हाथों में सौंप रहे हैं।