पहाड़ों पर बर्फ की चादर, मैदानों में बारिश-आंधी का अलर्ट: मौसम का बदला मिजाज.
पहाड़ों पर बर्फ की चादर, मैदानों में बारिश-आंधी का अलर्ट: मौसम का बदला मिजाज
देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में जहां लगातार बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश, आंधी और तूफान का खतरा बढ़ गया है।
केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी के चलते पूरा इलाका 3 से 4 फीट मोटी बर्फ की चादर से ढंक गया है। लगातार गिरते तापमान और खराब मौसम के बावजूद उत्तराखंड पुलिस और आईटीबीपी के जवान मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं और नियमित गश्त कर रहे हैं।
वहीं श्रीनगर में मौसम कुछ अलग ही नजर आया, जहां ज्यादातर जगहों पर धूप खिली रही। यहां अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री और न्यूनतम 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 23 से 25 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। इसके बाद 26 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। साथ ही 29 से 31 मार्च के दौरान फिर से बारिश और बर्फबारी का दौर लौटने की संभावना है।
दिल्ली और एनसीआर में 25 मार्च तक आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री और न्यूनतम 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इसके अलावा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में 24 से 28 मार्च के बीच बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज आंधी भी देखने को मिल सकती है।
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 23 और 25 मार्च को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 24 से 28 मार्च के दौरान बिहार, झारखंड और ओडिशा में बिजली चमकने के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 24, 27 और 28 मार्च को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में तेज आंधी और भारी बारिश की आशंका है।
उधर, हिमाचल के कुल्लू और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।