पश्चिमी विक्षोभ का असर: उत्तर भारत के 16 राज्यों में बदला मौसम, बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट.
पश्चिमी विक्षोभ का असर: उत्तर भारत के 16 राज्यों में बदला मौसम, बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के करीब 16 राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मार्च के अंतिम दिनों में राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले तीन दिनों तक बारिश, तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया है,
28 मार्च को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं बिहार के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ ओले गिर सकते हैं।
29 मार्च को हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।
बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। पटना मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की आशंका है। चंपारण, सीतामढ़ी और शिवहर जैसे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
राजस्थान में 27 मार्च से 30 मार्च तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों के भीतर ग्वालियर सहित सात जिलों में आंधी-बारिश का अनुमान है। यह इस महीने की तीसरी बारिश होगी। गुरुवार को प्रदेश में तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, ऐसे में बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह लखनऊ और मेरठ समेत कई जिलों में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। पूरे प्रदेश के 38 जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बूंदाबांदी का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।