रामनवमी पर अयोध्या में उमड़ा आस्था का सागर, सरयू तट से मंदिरों तक गूंजा भक्ति का उल्लास.
रामनवमी पर अयोध्या में उमड़ा आस्था का सागर, सरयू तट से मंदिरों तक गूंजा भक्ति का उल्लास
रामनगरी अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा है, जिससे पूरा शहर भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।
सुबह से ही श्रद्धालु पवित्र सरयू नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सरयू तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दूर-दराज से पहुंचे भक्त स्नान के बाद विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
वहीं, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से दर्शन की प्रक्रिया सामान्य समय से लगभग एक घंटे पहले शुरू कर दी गई है, जो देर रात करीब 11 बजे तक जारी रहेगी। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का विशेष और भव्य आयोजन होगा।
इस पावन अवसर पर रामनगरी के सभी मंदिरों में एक साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।