युद्ध के बीच राहत: पेट्रोल-डीजल सस्ता करने के लिए सरकार का बड़ा कदम.
युद्ध के बीच राहत: पेट्रोल-डीजल सस्ता करने के लिए सरकार का बड़ा कदम
भारत सरकार ने ईंधन की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के कारण देश में पेट्रोल और डीजल महंगा होने की आशंका जताई जा रही थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क में भारी कटौती की है।
सरकारी आदेश के अनुसार, पेट्रोल पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त उत्पाद शुल्क पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
यह निर्णय उस समय लिया गया है जब अमेरिका और इजराइल की ईरान के साथ जारी लड़ाई ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित किया है।
ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य पर नाकाबंदी किए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। यह मार्ग दुनिया के लिए तेल और गैस आपूर्ति का एक प्रमुख रास्ता है।
युद्ध से पहले इसी रास्ते से हर दिन लगभग 20 से 25 मिलियन बैरल कच्चा तेल और करीब 10 अरब घन फुट गैस भेजी जाती थी, जो वैश्विक आपूर्ति का लगभग पांचवां हिस्सा है।
इस कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें बढ़ने की आशंका है, जिसका असर भारत में भी पड़ सकता था।
सरकार की यह कटौती आम लोगों को राहत देने और महंगाई के दबाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।