होर्मुज संकट के बीच राहत: फंसा भारतीय जहाज जग वसंत सुरक्षित भारत पहुंचा.
होर्मुज संकट के बीच राहत: फंसा भारतीय जहाज जग वसंत सुरक्षित भारत पहुंचा
ईरान में जारी युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में पैदा हुए तनाव के बीच कई दिनों से फंसा भारतीय झंडे वाला जहाज जग वसंत आखिरकार सुरक्षित भारत पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह यह जहाज गुजरात के बंदरगाह पर पहुंचा, जिससे राहत की खबर सामने आई है।
बीते दिनों जग वसंत और ‘पाइन गैस’ नाम के दो भारतीय जहाजों ने जोखिम उठाते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया था। शिप ट्रैकिंग जानकारी के अनुसार, सोमवार को इन दोनों जहाजों को ईरान के लारक और केश्म द्वीपों के बीच देखा गया था।
ये दोनों जहाज उन 22 भारतीय जहाजों में शामिल थे, जो पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए थे। युद्ध के चलते ईरान द्वारा इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को आंशिक रूप से बाधित किए जाने से वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की आपूर्ति पर असर पड़ा है।
जग वसंत और पाइन गैस पर कुल 92,612 मीट्रिक टन एलपीजी गैस लदी हुई है। जग वसंत पर 33 भारतीय नाविक सवार हैं, जबकि पाइन गैस पर 27 भारतीय नाविक मौजूद हैं।