भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सियासी संग्राम: पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के आरोपों को बताया भ्रामक.
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सियासी संग्राम: पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के आरोपों को बताया भ्रामक
भारत–संयुक्त राज्य अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस छिड़ गई है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोपों को निराधार और भ्रामक करार दिया है।
पीयूष गोयल ने कहा कि यह समझौता किसानों के हितों की पूरी तरह रक्षा करता है और संवेदनशील कृषि क्षेत्रों को इससे बाहर रखा गया है। उन्होंने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा, “वे आदतन झूठ बोलते हैं और अपने बयानों से किसानों को गुमराह कर रहे हैं।”
सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा है और अमेरिका के साथ हुए इस हालिया व्यापार समझौते में भी कृषि क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
गोयल के अनुसार, इस समझौते से कृषि निर्यात को बढ़ावा मिलेगा, मांग में वृद्धि होगी और किसानों को बेहतर मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि भारतीय निर्यात पर अमेरिकी शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है, जबकि डेयरी और अन्य संवेदनशील कृषि क्षेत्रों को समझौते से बाहर रखा गया है।
इससे पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि यह समझौता खाद्य सुरक्षा और किसानों के हितों के खिलाफ है। उनका कहना था कि सरकार ने अमेरिकी दबाव में आकर कृषि बाजार खोल दिया है।