प्रियंका गांधी वाड्रा की बढ़ सकती हैं मुश्किलें: सुप्रीम कोर्ट की अवमानना को लेकर भाजपा सांसदों का हमला.
प्रियंका गांधी वाड्रा की बढ़ सकती हैं मुश्किलें: सुप्रीम कोर्ट की अवमानना को लेकर भाजपा सांसदों का हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भारतीय सेना पर की गई टिप्पणी को लेकर सुप्रीम कोर्ट से फटकार मिलने के बाद अब उनकी बहन और पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

भारतीय जनता पार्टी के सांसद और वरिष्ठ वकील मनन कुमार मिश्रा ने घोषणा की कि वे प्रियंका गांधी के हालिया बयानों को लेकर अवमानना याचिका दायर करने जा रहे हैं।
मनन मिश्रा ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी के बाद प्रियंका गांधी ने जो बयान दिए, वे अदालत की अवमानना के दायरे में आते हैं। उन्होंने कहा प्रियंका गांधी ने मीडिया के सामने कई तरह के बयान देकर अदालत की अवमानना की है। उन्होंने बिना यह समझे कि अदालत का मकसद क्या था, गैर-जिम्मेदाराना बयान दिए हैं। इसलिए हम उनके खिलाफ अवमानना की याचिका बार और वकीलों की ओर से दायर करने जा रहे हैं। देश की जनता ऐसे बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगी।

इस मुद्दे पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा सुप्रीम कोर्ट को प्रियंका गांधी के बयान पर स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। जिस तरह सुप्रीम कोर्ट ने मेरे खिलाफ संज्ञान लिया, उसी तरह उन्हें भी लेना चाहिए..."
यह मामला अब राजनीतिक से अधिक संवैधानिक और न्यायिक मसले का रूप लेता जा रहा है, जिसमें नेताओं की न्यायपालिका पर टिप्पणी को लेकर गंभीर बहस छिड़ गई है।