बंगाल चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की तीसरी सूची, 19 प्रत्याशियों में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की रेप पीड़िता की मां का भी नाम.
कोलकाता। पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा ममता बनर्जी को घेरने की पूरी कोशिश कर रही है। बुधवार को भाजपा ने 19 प्रत्याशियों की सूची जारी की है, इसमें आरजी कर मेडिकल कॉलेज की रेप पीड़िता की मां का नाम भी शामिल है। इससे पहले भाजपा ने पहली लिस्ट में 144 प्रत्याशी और दूसरी लिस्ट में 111 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था।
उल्लेखनीय है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या का मामला खूब गरमाया था। पीड़िता के परिजनों से लेकर आम लोगों ने भी ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए थे। शायद भाजपा लोगों के इसी गुस्से को भुनाने के लिए पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को पानीहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने कूचबिहार दक्षिण से रथीन्द्र नाथ बोस, राजगंज (एससी) से दिनेश सरकार (हराधन सरकार), इस्लामपुर से चित्रजीत रॉय, हेमताबाद (एससी) से हरिपद बर्मन, इंग्लिश बाजार से अमलन भादुरी, शांतिपुर से स्वपन दास, हावड़ा मध्य से बिप्लब मंडल और उत्तरपाड़ा से दीपांजन चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 144 नामों का ऐलान किया था, जबकि दूसरी लिस्ट में 111 प्रत्याशी शामिल थे। भाजपा ने नंदीग्राम और भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी को टिकट दिया है। अधिकारी का मुकाबला भवानीपुर में सीएम ममता बनर्जी से होगा। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।