कांग्रेस को खाली करना होगा दिल्ली स्थित 24 अकबर रोड का पुराना ऑफिस, सरकार ने भेजा नोटिस.
नई दिल्ली। सरकार ने कांग्रेस को 24 अकबर रोड का पुराना ऑफिस खाली करने का नोटिस भेजा है। इंदिरा भवन में नया दफ्तर शिफ्ट होने के बाद से कांग्रेस ने इस पुराने बंगले को खाली नहीं किया था। यहां भी पार्टी की गतिविधियां पहले की तरह ही चल रही हैं। इसके अलावा कांग्रेस को यूथ कांग्रेस के ऑफिस 5 रायसीना रोड को भी खाली करने का नोटिस दिया गया है।
एस्टेट विभाग ने बुधवार को जारी नोटिस में साफ कहा है कि 24 अकबर रोड के साथ-साथ 5 रायसीना रोड स्थित युवा कांग्रेस के दफ्तर को भी 28 मार्च तक खाली किया जाए। बताया जा रहा है कि यह बंगला भी कांग्रेस के नाम पर ही आवंटित था, जिसका उपयोग उसकी सहयोगी इकाई द्वारा किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी इस कार्रवाई को अदालत में चुनौती देने की तैयारी कर रही है, ताकि जबरन बेदखली से बचा जा सके। कांग्रेस का तर्क है कि अकबर रोड स्थित यह संपत्ति उसकी विरासत का अहम हिस्सा है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, इस बंगले के लिए कांग्रेस बाजार दर पर किराया भी चुकाती रही है। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद इस संपत्ति को पार्टी के किसी वरिष्ठ सांसद को आवंटित कराने की कोशिश भी की गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इस मामले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सरकार को लगता है कि हम पर दबाव बनाकर वह कांग्रेस को चुप करा सकती है। उन्हें हमें डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. क्या उन्होंने 11-अशोक रोड या पंत मार्ग पर मौजूद भाजपा का दफ्तर खाली करवाया है? क्योंकि वे ईरान युद्ध के मामले में कुछ भी नहीं कर पाए हैं, इसलिए वे इस मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।