उत्तर सिक्किम में बारिश का कहर: भूस्खलन से रास्ते बंद, सैकड़ों पर्यटक फंसे.
उत्तर सिक्किम में बारिश का कहर: भूस्खलन से रास्ते बंद, सैकड़ों पर्यटक फंसे
उत्तर सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में भूस्खलन होने से सड़कें बंद हो गई हैं और हालात गंभीर बने हुए हैं।
चुंगथांग में भूस्खलन के कारण करीब 150 से 200 पर्यटक फंस गए हैं। ये सभी पर्यटक लाचेन की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रुकना पड़ा।
जिला प्रशासन के मुताबिक, कई स्थानों पर हुए भूस्खलन के कारण सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हो गई हैं। हालांकि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी फंसे पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
पर्यटकों को आईटीबीपी कैंप और स्थानीय गुरुद्वारे में ठहराया गया है, जहां उनके खाने-पीने और रहने की पूरी व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और रास्ते खोलने के प्रयास जारी हैं, ताकि फंसे लोगों को जल्द सुरक्षित निकाला जा सके।