कश्मीर में बड़ी सुरक्षा कार्रवाई: कई जिलों में छापेमारी, आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा.
कश्मीर में बड़ी सुरक्षा कार्रवाई: कई जिलों में छापेमारी, आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई जगहों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) की टीम श्रीनगर, शोपियां और गांदरबल जिलों में संदिग्ध ठिकानों पर लगातार रेड कर रही है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कुल दस स्थानों पर की जा रही है, जिनमें गांदरबल में छह, शोपियां में तीन और श्रीनगर में एक जगह शामिल है। इन छापेमारियों का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क पर लगाम लगाना है।
बताया जा रहा है कि यह अभियान लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ चलाया जा रहा है। खास तौर पर आतंकी हैंडलर शब्बीर लोन के स्थानीय सहयोगियों को निशाना बनाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, शब्बीर लोन गांदरबल जिले के कंगन क्षेत्र का निवासी है और बीते कुछ वर्षों से बांग्लादेश में रहकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इन कार्रवाइयों का मकसद जम्मू-कश्मीर में शांति और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना है। फिलहाल ऑपरेशन जारी है