खैबर पख़्तूनख़्वाह में आत्मघाती हमला: सैन्य चौकी पर विस्फोट, 10 जवान शहीद, कई घायल.
खैबर पख़्तूनख़्वाह में आत्मघाती हमला: सैन्य चौकी पर विस्फोट, 10 जवान शहीद, कई घायल
पकिस्तान के खैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत में एक दर्दनाक आत्मघाती हमले में कम से कम 10 सुरक्षा कर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह हमला बाजौर ज़िले के मलंगी इलाके में स्थित एक सैन्य चौकी को निशाना बनाकर किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी को सुरक्षा चौकी से टकरा दिया गया, जिससे भीषण धमाका हुआ। जिस इमारत को निशाना बनाया गया, वहां पहले एक मदरसा संचालित होता था, लेकिन बाद में उसे सुरक्षा चौकी में तब्दील कर दिया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हमले में एक पुलिसकर्मी और फ्रंटियर कॉर्प्स के नौ जवानों की मौत हुई है। मलबे के नीचे से अभी भी शव निकाले जाने का काम जारी है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी से सीधे चौकी को टक्कर मारी, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया।
हमले के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन खैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को जल्द सज़ा दिलाने का आश्वासन दिया है।
यह हमला एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों और बढ़ते आतंकी खतरे की गंभीरता को उजागर करता है।