राघव चड्ढा की लोकप्रियता से डर गई थी आप, अब लगा रही मोदी से डरने का आरोप, एयरपोर्ट पर 10 रुपए की चाय शुरू होने के बाद से थे पार्टी के निशाने पर .
इंदौर। आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया है। इसके बाद से सिसायत गर्म है। राघव चड्ढा ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है, इधर, आप नेता लगातार उन पर हमला कर रहे हैं। आप नेताओं का कहना है कि चड्ढा पीएम मोदी से डर गए थे और उनके खिलाफ कुछ नहीं बोल रहे थे।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा आम है कि आम आदमी पार्टी राघव चड्ढा की बढ़ती लोकप्रियता से डरने लगी थी। संसद में उन्होंने जनता के हित में जो मुद्दे उठाए, उससे उन्हें खूब वाहवाही मिल रही थी। राघव चड्ढा ने ही एयरपोर्ट पर महंगी चाय और खाने-पीने की वस्तुओं का मामला उठाया था। केंद्र सरकार ने जब एयरपोर्ट पर उड़ान कैफे के माध्यम से 10 रुपए में चाय बेचने की शुरुआत कर दी, तब आप नेताओं के कान खड़े हो गए। आप नेताओं को मिर्ची तब लगी, जब मुंबई एयरपोर्ट पर 10 रुपए की चाय पीते हुए राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दिया।
सौरभ भारद्वाज बोले-जो डर गया, सो मर गया
राज्यसभा से उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर राघव चड्ढा के एक वीडियो के बाद से आप में हलचल मच गई। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राघव भईया, मैंने आपका वीडियो देखा, हम सब अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं और हमने सिर्फ एक ही चीज सीखी है जो डर गया, वो मर गया। उन्होंने कहा कि अगर कोई सदन में कोई समोसे की बात कर रहा है, तो देश के बड़े मुद्दों की बात करना ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई मुद्दा आता है, जिस पर विपक्ष वॉकआउट करता है, आप वॉकआउट नहीं करते। पिछले कुछ सालों में मैंने देखा है कि आपने संसद में ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठाया जिसमें आपने प्रधानमंत्री या बीजेपी सरकार से सवाल किया हो। ऐसी निडर राजनीति कैसे चलेगी? पंजाब, जहां से आप आते हैं, उसके मुद्दे उठाने से भी डरते हैं। अभी गुजरात में पार्टी के लगभग 160 कार्यकर्ताओं पर झूठे केस में एफआईआर दर्ज की गई है, कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है, लेकिन आप उस पर भी चुप रहते हैं।
पंजाब के सीएम मान बोले-चड्ढा भाजपा के साथ
पंजाब के सीएम ने आरोप लगाया है कि चड्ढा भाजपा के साथ कंप्रोमाइज्ड हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी कोई मुद्दे तय करती है कि इन मुद्दों पर राज्यसभा में बोलना है, मगर नेता कैंटीन में समोसों के दाम पर बोलता है तो लगता है कि नेता किसी और स्टेशन से बोल रहा है। ऐसी स्थिति में पार्टी नेता पर कार्रवाई करती है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता बोले- मोदी से डर गया वो क्या लड़ेगा
आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने राघव चड्ढा के बयान के बाद कहा- हम केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता पहली पहचान है हमारी। कोई मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए? उन्होंने कहा कि संसद में थोड़ा सा समय मिलता है बोलने का पार्टी को, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का। गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता भाजपा की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले? मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो।
संजय सिंह बोले- सरकार से क्यों नहीं पूछे सवाल
आप नेता संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर कह-हम लोग अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। हम लोग मोदी सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हैं। कई ऐसे मुद्दे हैं जिनपर आपने चुप्पी साध रखी है। पश्चिम बंगाल में चुनाव में हो रही खामियों जैसे कई मसलों पर आप चुप रहते हैं। कोई सवाल नहीं पूछते हैं। ऐसे में देश की जनता यह जानना चाहती है कि आप मोदी सरकार से सवाल क्यों नहीं पूछते हैं?'
पूर्व सीएम आतिशी ने भी साधा निशाना
दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी मार्लेना ने भी वीडियो जारी करते हुए कहा कि आज हमारे देश में इलेक्शन कमीशन का मिसयूज किया जा रहा है। देश का संविधान खतरे में हैं। इसके बाद भी आप भाजपा से कोई सवाल नहीं उठाते हैं। जब इलेक्शन कमीशन के विरोध में साइन करने की बात आई तो आपने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। क्या आपने एक बार भी संसद में इन मुद्दों पर सवाल उठाया? आखिर आप इतना डरते क्यों हैं?