जन विश्वास विधेयक 2026 पारित: आम जनता और व्यापार के लिए नई राहत की शुरुआत.
जन विश्वास विधेयक 2026 पारित: आम जनता और व्यापार के लिए नई राहत की शुरुआत
राज्यसभा ने जन विश्वास (संशोधन प्रावधान) विधेयक, 2026 को पारित कर दिया, जिसे नरेंद्र मोदी ने देश की जनता और व्यापार जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह विधेयक नागरिकों के लिए विश्वास आधारित व्यवस्था को मजबूत करेगा और पुराने व जटिल नियमों को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से मामलों का तेजी से निपटारा संभव होगा और छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर मुकदमों का बोझ कम किया जाएगा।
उन्होंने अपने सोशल मंच पर साझा संदेश में यह भी बताया कि इस विधेयक को तैयार करने के दौरान व्यापक परामर्श प्रक्रिया अपनाई गई और सभी महत्वपूर्ण सुझावों को शामिल किया गया।
गौरतलब है कि इस विधेयक के जरिए 79 केंद्रीय कानूनों के 784 प्रावधानों में संशोधन किया गया है, जिससे छोटे-छोटे अपराधों को सरल बनाया जा सके, व्यापार और आम जीवन को सहज बनाया जा सके और लोगों के अनावश्यक उत्पीड़न पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
यह कदम प्रशासनिक सुधार और न्याय व्यवस्था को अधिक सरल, तेज़ और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।