सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया, 20 ओवर भी नहीं खेल पाई केकेआर की टीम.
कोलकाता। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुरुवार को खेले गए आईपीएल के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हरा दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। एसआरएच की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 226 रन बनाए। कोलकाता की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 161 रनों पर आउट हो गई।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने मिलकर 34 गेंद में 82 रनों की सलामी साझेदारी की। अभिषेक ने 48 रन और ट्रेविस हेड ने 46 रनों की तूफानी पारी खेली। दूसरी ओर हेनरिक क्लासेन ने 52 रनों की पारी खेल एसआरएच को 226 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। आज के मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम की शुरुआत ही खराब रही। टी20 वर्ल्ड कप में 33 गेंद में शतक ठोंकने वाले फिन एलन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और पहले ही ओवर में 3 चौके और 2 छक्के लगाए, मगर वे 7 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान अजिंक्य रहाणे भी केवल 8 रन बना पाए। अंगकृष रघुवंशी ने जरूर 29 गेंद में 52 रन बनाए। रिंकू सिंह से बहुत उम्मीद थी, लेकिन वे भी 25 गेंद में 35 रन ही बना पाए। एसआरएच के लिए तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने सबसे अधिक 3 विकेट हासिल किए। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड (46) व अभिषेक शर्मा (48) की बेहतरीन शुरुआत के बाद हेनरिक क्लासेन (52) के शानदार अर्धशतक के बल पर सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता को जीत के लिए 227 रनों का लक्ष्य दिया था।