टेक्सस की बड़ी रिफाइनरी में भयंकर विस्फोट: घर हिले, आसमान में छाया काला धुआं.
टेक्सस की बड़ी रिफाइनरी में भयंकर विस्फोट: घर हिले, आसमान में छाया काला धुआं
अमेरिका के टेक्सस राज्य के पोर्ट आर्थर में स्थित वैलेरो एनर्जी की एक बड़ी रिफाइनरी में सोमवार शाम जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के घर तक हिल गए और दूर-दूर तक आसमान में काला धुआं फैल गया।
यह रिफाइनरी अमेरिका की सबसे बड़ी रिफाइनरियों में गिनी जाती है। विस्फोट के बाद रिफाइनरी में आग भी लग गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है। दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी ।
पोर्ट आर्थर अग्निशमन विभाग के मुताबिक घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, आसपास के इलाकों में जहरीले पदार्थों के रिसाव की आशंका को देखते हुए वायु गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टेक्सस परिवहन विभाग ने लोगों को रिफाइनरी के आसपास के मार्गों से बचने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि ह्यूस्टन से करीब 90 मील दूर स्थित यह रिफाइनरी प्रतिदिन लगभग 4 लाख 35 हजार बैरल गैसोलीन, डीजल और जेट ईंधन का उत्पादन करने की क्षमता रखती है।