होर्मुज जलडमरूमध्य पर विवाद: ईरान ने वसूली के दावों को बताया झूठा, भारतीय जहाज सुरक्षित गुजरे.
होर्मुज जलडमरूमध्य पर विवाद: ईरान ने वसूली के दावों को बताया झूठा, भारतीय जहाज सुरक्षित गुजरे
ईरान के दूतावास ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों से 20 लाख डॉलर वसूले जाने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है। दूतावास ने साफ किया कि इस तरह के दावे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और किसी सांसद की टिप्पणी सरकार की आधिकारिक नीति नहीं मानी जा सकती।
दूतावास ने स्पष्ट किया कि ईरान की ओर से ऐसी कोई राशि नहीं ली जा रही है इससे पहले ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी कहा था कि होर्मुज जलमार्ग खुला है और यहां से जहाजों की आवाजाही लगातार जारी है।
मंत्रालय ने अपने बयान में दोहराया कि युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद ईरान नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा के सिद्धांतों का सम्मान करता है और वर्षों से इनका पालन करता आ रहा है।
इस बीच भारत के शिपिंग मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारत का झंडा लगे दो एलपीजी टैंकर—जग वसंत और पाइन गैस—सुरक्षित रूप से इस मार्ग से गुजर चुके हैं। इन जहाजों में करीब 92,600 टन रसोई गैस लदी हुई थी और इनके गुरुवार से शनिवार के बीच बंदरगाहों पर पहुंचने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि हालिया संघर्ष शुरू होने के बाद अब तक भारत के चार जहाज इस संवेदनशील समुद्री रास्ते से सुरक्षित गुजर चुके हैं, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि फिलहाल मार्ग पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।