ईरान-इजराइल तनाव चरम पर: लारिजानी की मौत के बाद निर्णायक बदले की चेतावनी.
ईरान-इजराइल तनाव चरम पर: लारिजानी की मौत के बाद निर्णायक बदले की चेतावनी
ईरान के सेना प्रमुख अमीर हातामी ने एक कथित इजराइली हवाई हमले में अली लारिजानी की मौत के बाद कड़ा रुख अपनाते हुए निर्णायक बदले की चेतावनी दी है।
ईरान ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी अब इस दुनिया में नहीं रहे। इससे पहले इजराइल उनकी मौत का दावा कर चुका था।
अमीर हातामी ने अपने बयान में कहा कि सही समय और सही स्थान पर, अपराधी अमेरिका और जियोनिस्ट शासन को ऐसा जवाब दिया जाएगा जो उनके लिए सबक बन जाएगा और उन्हें अपने किए पर पछतावा होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि लारिजानी समेत सभी “शहीदों” की मौत का बदला जरूर लिया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने इस हमले के जवाब में पहले ही मध्य इजराइल पर मिसाइल हमले किए हैं।
गौरतलब है कि आईआरजीसी, ईरान की नियमित सेना से अलग एक शक्तिशाली सैन्य संगठन है, जो सीधे देश के सर्वोच्च नेतृत्व के अधीन काम करता है।