इंदौर में इलेक्ट्रिक कार के चार्जिंग प्वाइंट में लगी आग, सात लोग जिंदा जले, तीन गंभीर रूप से घायल.
इंदौर। इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र से बुधवार सुबह एक बड़ी खबर आ रही है। यहां के प्रीति नगर में एक इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान आग लगने से सात लोग जिंदा जल गए और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना ब्रजेश्वरी एनेक्स निवासी मनोज पुगलिया के घर में हुई। बंगले की तल मंजिल पर कार चार्ज हो रही थी, इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। परिवार के अधिकांश सदस्य ऊपरी मंजिल पर थे, जो नीचे नहीं आ सके। इस बीच घर में रखी गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया और उसमें विस्फोट हो गया। इस हादसे में मनोज पुगलिया सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सुबह 4 बजे आग की सूचना आई थी। प्रारंभिक तौर पर पता चला है कि घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी ती। इसके चार्जिंग प्वाइंट से आग शुरू हुई है और पूरे घर तक पहुंच गई। घर में इलेक्ट्रिक लॉक भी लगे हुए थे। आग के कारण वे भी काम नहीं कर रहे होंगे, जिसके कारण घर के लोग बाहर नहीं निकल पाए। घर में कुछ गैस की टंकिया भी रखीं थीं, आग से उनमें भी विस्फोट हो गया, जिससे आग ने भयावह रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार हादसे में विजय सेठिया, छोटू सेठिया, सुमन, मनोज, सिमरन, राशि सेठिया और टीनू की मौत हुई है। सौरभ पुगलिया, आशीष और हर्षित पुगलिया घायल हैं।
गैस सिलेंडर से आग हुई बेकाबू
बताया जाता है कि घर के अंदर काफी संख्या में गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जो एक के बाद एक फटते रहे और घर के लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। इतना जोरदार था कि घर का एक हिस्सा ढह गया। पुगलिया परिवार के यहां एक पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसके कारण कई रिश्तेदार भी घर पर रुके हुए थे।