ईरान–अमेरिका तनाव के बीच मस्कट में अहम बातचीत: ओमान पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री अरागची.
ईरान–अमेरिका तनाव के बीच मस्कट में अहम बातचीत: ओमान पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री अरागची
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ओमान पहुंच चुके हैं, जहां आज फरवरी को राजधानी मस्कट में उनकी अमेरिकी दूतों के साथ महत्वपूर्ण बातचीत होने जा रही है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब ईरान और अमेरिका के रिश्तों में एक बार फिर तनाव चरम पर है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि यदि वह अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए किसी नई डील पर सहमत नहीं होता, तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई का विकल्प अपना सकता है। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
वहीं ईरान ने साफ किया है कि वह परमाणु मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन अपने मिसाइल कार्यक्रम को सीमित करने जैसी शर्तों पर किसी भी तरह की वार्ता स्वीकार नहीं करेगा।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप ईरानी अधिकारियों के साथ हो रही इस बातचीत पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि अमेरिका यह परखना चाहता है कि क्या ईरान के साथ किसी संभावित समझौते की गुंजाइश बन सकती है।
मस्कट में होने वाली यह वार्ता आने वाले दिनों में ईरान-अमेरिका संबंधों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।