मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा, कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत, दो गंभीर घायल.


मथुरा। मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। किसी अज्ञात वाहन ने एक ईको गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। ईको गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं।
बताया जाता है कि यह हादसा मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे माइल स्टोन 140 पर तड़के करीब तीन बजे हुई है। ईको गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ईको कार सवार नोएडा से आगरा की ओर आ रहे थे। कार में सवार धर्मवीर पुत्र जवर सिंह निवासी ग्राम हरलालपुरा थाना बासोनी आगरा, रोहित पुत्र धर्मवीर, आर्यन पुत्र धर्मवीर बासोनी आगरा, दलवीर उर्फ छुल्ले व पारस सिंह तोमर पुत्रगण विश्वनाथ सिंह निवासीगण ग्राम बढ़पुरा हुसैद थाना महोबा मध्य प्रदेश आदि लोगों की घटना स्थल पर मृत्यु हो गई। सोनी पत्नी धर्मवीर और पायल पुत्री धर्मवीर निवासीगण हलालपुर थाना बासोनी आगरा गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार राय और थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया इको गाड़ी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। मृत लोगों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है।
भिंड जा रही बस भी पलटी
बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे माइल स्टोन 131 पर बस चालक के सो जाने से बस पलट गई। बस में सवार 29 सवारियां घायल हैं, कुछ के हल्की फुल्की चोट आई हैं। तीन लोग गंभीर घायल हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे पर समय करीब 3.30 बजे बस जो दिल्ली से मध्य प्रदेश भिंड के लिए जा रही थी। रास्ते में यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से आगरा की तरफ माइलस्टोन 131 किलोमीटर पर पलट गई।