बदला मौसम का मिजाज , कई राज्यों में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक.


बदला मौसम का मिजाज , कई राज्यों में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक
देश के कई हिस्सों में अब गर्मी,बारिश विदा ले चुकी है और गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, और लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। वहीं, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरू हो गई है, हालांकि दक्षिण भारत में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए चेतावनी भी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट
दिल्ली-एनसीआर में मध्य अक्टूबर में ही गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 12 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि यदि मौसम का यही रुख जारी रहा, तो दीवाली के बाद ठंड और बढ़ेगी।
उत्तर प्रदेश में ठंड की शुरुआत
उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर समाप्त हो गया है, और अब कई जिलों में हल्की ठंड महसूस की जा रही है। अयोध्या, आगरा, कानपुर, वाराणसी, मथुरा, गाजीपुर, बलिया, कुशीनगर और देवरिया जैसे जिलों में आज मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, सुबह और शाम की ठंडी हवाएं हल्की सिहरन पैदा कर सकती हैं।
बिहार और झारखंड में भी गिरा तापमान
बिहार में भी तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के किसी भी जिले में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी मौसम शुष्क है और हल्की ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
उत्तरी पर्वतीय राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों — चमोली, बागेश्वर, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब — में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इन क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के साथ सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं।
दक्षिण भारत में बारिश के आसार
वहीं, दक्षिण भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। केरल के कई जिलों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
कुल मिलाकर, देशभर में गर्मी की विदाई के साथ अब ठंडी हवाओं और बदलते मौसम का असर साफ महसूस किया जा रहा है।