प्रयागराज में अमोनिया गैस टैंक फटने से सपा नेता का कोल्ड स्टोरेज धराशायी, आठ मजदूरों के मरने की खबर, कई गंभीर घायल.
प्रयागराज। प्रयागराज के गंगापार इलाके के फाफामऊ के पास चंदापुर गांव में स्थित कोल्ड स्टोरेज सोमवार को अमोनिया गैस टैंक फटने से धराशायी हो गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय वहां दो दर्जन से अधिक मजदूर मौजूद थे, जो मलबे में दब गए। हादसे में आठ मजदूरों की मौत बताई जा रही है और कई गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद का कोल्ड स्टोरेज तेज धमाके के साथ धराशायी हो गया। आनन फानन में सभी को बाहर निकाला गया। इसमें आठ मजदूरों के मौत की बात कही जा रही है। छह की हालत नाजुक बताई जा रही है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियों के साथ कई एंबुलेंस और आसपास के थानों की पुलिस फोर्स रेस्क्यू आपरेशन में जुट गई है। मौके पर सभी वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए हैं और बचाव कार्य किया जा रहा है। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर दबे हुए लोगों की तलाश जारी है।