चंडीगढ़ में बम धमकी से मचा हड़कंप: पांच स्कूलों को ई-मेल से मिली चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट.
चंडीगढ़ में बम धमकी से मचा हड़कंप: पांच स्कूलों को ई-मेल से मिली चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
चंडीगढ़ में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब शहर के पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। धमकी मिलते ही संबंधित स्कूल प्रशासन ने तुरंत चंडीगढ़ पुलिस को सूचना दी और एहतियातन सुरक्षा कदम उठाए गए।
सुरक्षा के मद्देनजर कुछ स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित कर दी गई, जबकि अन्य स्कूलों में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालकर परिसरों को खाली कराया गया। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली। राहत की बात यह रही कि तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस की साइबर सेल धमकी भरे ई-मेल की जांच में जुटी हुई है और शुरुआती तौर पर इसे फर्जी धमकी माना जा रहा है। प्रशासन ने अभिभावकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।