केरल विधानसभा चुनाव में शशि थरूर भाजपा पर लगातार साध रहे निशाना, अब कहा-शून्य सीट वाली पार्टी को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं.
नई दिल्ली। केरल विधानसभा चुनाव में सभी दलों ने मैदान संभाल लिया है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर भाजपा पर लगातार हमला कर रहे हैं। शशि थरूर ने कहा कि जिस पार्टी के पास विधानसभा में एक भी सीट नहीं है, उसे चुनाव में एक गंभीर फैक्टर के रूप में नहीं देखा जा सकता।
उन्होंने कहा कि जब वे शून्य सीट वाली पार्टी हैं, तो आप उन्हें एक मजबूत विकल्प या फैक्टर के तौर पर गंभीरता से नहीं ले सकते। वे दावा कर रहे हैं कि वे अपना खाता खोलेंगे, भले ही वे अधिकतम एक, दो या तीन सीटें जीत लें लेकिन इतने भर से केरल के भविष्य में कोई बड़ा बदलाव आने वाला नहीं है। शशि थरूर ने कहा कि जो लोग चाहते हैं कि राज्य से एलडीएफ की सरकार जाए, उन्हें अपने बेशकीमती वोट भाजपा पर बर्बाद नहीं करने चाहिए। इसकी सीधी सी वजह यह है कि भाजपा के पास कभी भी इतनी ताकत नहीं हो सकती कि वह सत्ता में आकर कोई बड़ा बदलाव ला सके। थरूर ने कहा कि सभी मतदाता एकजुट होकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीए) के पक्ष में मतदान करें, जिससे राज्य में एक मजबूत और स्थिर सरकार बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि केरल को अब एक नई दिशा, नई सोच और बदलाव की सख्त जरूरत है।