अब राहुल गांधी की लोकसभा सदस्या पर खतरा, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने संसद में दिया प्रस्ताव.
नई दिल्ली। लोकसभा में बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों पर बवाल मचा हुआ है। इसी बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने की मांग करते हुए लोकसभा में प्रस्ताव दिया है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते और केंद्रीय बजट को लेकर सरकार पर तीखे हमले किए हैं।
भाजपा निशिकांत दुबे ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने लोकसभा में एक प्रस्ताव पेश किया है। उनका आरोप है कि राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं। दुबे ने कहा कि उन्होंने अपने प्रस्ताव में मांग की है कि इस मामले पर चर्चा हो, राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त की जाए और उन्हें जीवन भर चुनाव लड़ने से रोका जाए। दुबे ने साफ किया कि राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह एक स्वतंत्र प्रस्ताव है, जिसमें गांधी को संसद से निलंबित करने की मांग की गई है। निशिकांत दुबे ने कहा कि उन्होंने अपने प्रस्ताव में आरोप लगाया है कि राहुल गांधी जॉर्ज सोरोस जैसे बाहरी ताकतों के समर्थन से देश को गुमराह कर रहे हैं।