रोहित पवार ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी-अजित पवार के विमान हादसे को साजिश बताते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री का मांगा इस्तीफा.
नई दिल्ली। अजित पवार के विमान हादसे को लेकर एनसीपी-एसपी विधायक रोहित पवार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू को हटाने के साथ ही विमान हादसे की स्वतंत्र जांच की मांग की है।
रोहित पवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि पिछले महीने बारामती में हुए विमान हादसे में अजीत पवार की मौत एयर चार्टर कंपनी वीएसआर की मिलीभगत से रची गई साजिश का हिस्सा थी। पवार ने पत्र में कहा कि कंपनी वीएसआर और राममोहन नायडू की पार्टी (टीडीपी) से उसके संबंधों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इन संबंधों की जांच एक स्वतंत्र और सक्षम प्राधिकरण द्वारा की जानी चाहिए, अधिमानतः अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से।रोहित पवार ने कहा कि यह हादसा साधारण दुर्घटना नहीं हो सकता और इसकी गहराई से जांच जरूरी है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र की प्रति भेजी है।
रोहित पवार ने आरोप लगाया कि वीएसआर कंपनी और कुछ प्रभावशाली लोगों के बीच संबंधों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने पत्र में लिखा कि कंपनी और नागरिक उड्डयन मंत्री की पार्टी के बीच संभावित लिंक की स्वतंत्र एजेंसी से जांच हो। उनका कहना है कि उद्योग और राजनीति के कुछ ताकतवर लोग इस कंपनी के पीछे हैं, जिससे जांच पारदर्शी नहीं हो पा रही है। उन्होंने डीजीसीए की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। रोहित पवार ने हादसे के ब्लैक बॉक्स को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय एक नहीं, कई धमाके हुए थे। उनके मुताबिक, विमान में सामान रखने वाले हिस्से में अतिरिक्त पेट्रोल के कैन रखे गए थे, जिससे आग भड़की। उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं की तकनीकी और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से जांच होनी चाहिए।