गिरिडीह में सनसनी: झामुमो नेता राकेश महतो की हत्या, शव जलाने की कोशिश के बाद सड़क जाम.
गिरिडीह में सनसनी: झामुमो नेता राकेश महतो की हत्या, शव जलाने की कोशिश के बाद सड़क जाम
झारखंड के गिरिडीह जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब निमियाघाट थाना क्षेत्र में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष और झामुमो के वरिष्ठ नेता राकेश महतो की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अपराधियों ने वारदात के बाद शव को जलाने का भी प्रयास किया।
घुटवाली के पास मिला शव
घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र के घुटवाली इलाके में सामने आई। सुबह खेत की ओर जा रही एक महिला ने जले हुए शव को देखा और इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मामला पूरे क्षेत्र में फैल गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। डुमरी और निमियाघाट थाना पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और फोरेंसिक टीम का इंतजार किया जा रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन
हत्या से नाराज ग्रामीणों ने डुमरी–फुसरो रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और उच्च स्तरीय जांच हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, सड़क जाम जारी रहेगा।
कद्दावर नेता थे राकेश महतो
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य रहे राकेश महतो क्षेत्र में एक प्रभावशाली नेता माने जाते थे। उनकी हत्या से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक और आक्रोश दोनों है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।