प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में किया सांसदों के लिए 184 फ्लैट्स का उद्घाटन, साधा विपक्ष पर निशाना .
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बने 184 नए टाइप-VII बहुमंजिला फ्लैट्स का उद्घाटन किया। इस परियोजना का उद्देश्य सांसदों के लिए आधुनिक, पर्यावरण-हितैषी और पर्याप्त आवास की कमी को पूरा करना है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने परिसर में सिंदूर का पौधा लगाया और निर्माण में शामिल मजदूरों को भी संबोधित किया।
पीएम मोदी ने कहा कि आज मुझे संसद में अपने सहयोगियों के लिए आवासीय परिसर का उद्घाटन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। चार टावरों के नाम हैं - कृष्णा, गोदावरी, कोसी और हुगली, जो भारत की चार महान नदियां हैं। कुछ लोगों को टावर का नाम कोसी रखना असहज लगेगा। वे इसे नदी के रूप में नहीं, बल्कि बिहार चुनाव के चश्मे से देखेंगे।
बंगले से भी बड़े हैं नए फ्लैट
नए फ्लैट कई सरकारी बंगलों से भी बड़े हैं। हर फ्लैट में लगभग 5,000 वर्ग फुट का कार्पेट एरिया है, जिसमें कार्यालय, स्टाफ के लिए अलग आवास और रहने की जगह शामिल है। परिसर में एक सामुदायिक केंद्र भी है, जो सांसदों की सामाजिक और आधिकारिक बैठकों का केंद्र होगा। इमारत में हरित तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, इसे GRIHA 3-स्टार रेटिंग मिली है और यह राष्ट्रीय भवन संहिता (NBC) 2016 के अनुरूप है। सभी इमारतें आधुनिक संरचनात्मक मानकों के अनुसार भूकंप-रोधी बनाई गई हैं।