क्रिसमस पर सौहार्द का संदेश: कैथेड्रल चर्च पहुंचे पीएम मोदी, ईसाई समुदाय संग प्रार्थना में हुए शामिल.
क्रिसमस पर सौहार्द का संदेश: कैथेड्रल चर्च पहुंचे पीएम मोदी, ईसाई समुदाय संग प्रार्थना में हुए शामिल
क्रिसमस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन पहुंचे, जहां उन्होंने दिल्ली और उत्तर भारत के ईसाई समुदाय के साथ क्रिसमस की सुबह की विशेष प्रार्थना सभा में भाग लिया। इस अवसर पर दिल्ली के बिशप रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री के लिए विशेष प्रार्थना की।

प्रार्थना सभा में भजन, कैरोल और सामूहिक प्रार्थनाओं के माध्यम से प्रेम, शांति और करुणा का संदेश दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं भी दीं और सामाजिक सौहार्द पर जोर दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा, “मैंने दिल्ली के कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में भाग लिया। यहां प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलक रहा था। आशा है कि क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और मेलजोल को प्रेरित करेगी।”
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने चर्च यात्रा का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “क्रिसमस नई आशा, स्नेह और दयालुता के प्रति साझा प्रतिबद्धता लेकर आता है। कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा की कुछ झलकियां साझा कर रहा हूं।”
इससे पहले प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपने संदेश में कहा, “सभी को शांति, करुणा और आशा से भरपूर आनंदमय क्रिसमस की शुभकामनाएं। ईश्वर करे कि यीशु मसीह की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को और मजबूत करें।”