राजा रघुवंशी हत्याकांड : पति की हत्या के बाद इंदौर आई थी सोनम, प्रेमी राज ने कराई कमरे की व्यवस्था, फिर वाराणसी भिजवाया.
इंदौर। हनीमून पर शिलांग जाकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या कराने के बाद सोनम इंदौर भी आई थी। उसके प्रेमी राज कुशवाह ने उसे किराए का कमरा दिलवाया। बताया जाता है कि सोनम उसके साथ ही रुकी। फिर एक ड्राइवर ने उसे उत्तरप्रदेश छोड़ा।
उल्लेखनीय है कि मेघालय पुलिस ने ऑपरेशन हनीमून के सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। एसआईटी टीम ने 7 जून को 3 आरोपियों का प्रोफाइल चेक किया तो सोनम वारदात के 10 किलोमीटर पहले तीन आरोपियों के साथ नजर आई। राजा रघुवंशी की हत्या सोनम के सामने ही हुई। 21 मई को सभी आरोपी गुवाहाटी आए थे और सोनम के होम स्टे के पास ही होटल में ठहरे थे। 23 मई को वारदात को अंजाम देने के बाद वापस लौट गए। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सोनम 23 मई को ट्रेन द्वारा गुवाहाटी से इंदौर आई थी। 25 को इंदौर पहुंची और अपने प्रेमी राज कुशवाहा से मिली। राज के साथ उसने एक दिन इंदौर में किराए के कमरे में गुजारा। फिर एक ड्राइवर ने उसे वाराणसी छोड़ा। वाराणसी से सोनम बस से गाजीपुर गई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही पुलिस
बताया जाता है कि शिलांग पुलिस ने 50 किलोमीटर एरिया के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। जिस भी सीसीटीवी फुटेज में राजा और सोनम दिख रहे थे, उनके आसपास तीन लड़के नजर आ रहे थे। पुलिस ने एरिया के सभी एक्टिव नंबरों की जांच की. तीन नंम्बर इंदौर में एक्टिव निकले। इसके सहारे सोनम तक पहुंची। पुलिस का शक तब और गहरा हुआ जब हनीमून पर आने के बाद भी सोनम ने कपल में अपना कोई फोटो नहीं लिया। हत्या के बाद सोनम ने राजा के सोशल अकाउंट से एक पोस्ट डाली, जिस पर लिखा था- सात जन्मों का साथ है। इस पोस्ट से भी पुलिस की शंका बढ़ी। पुलिस को 3 और 4 जून को ही पता चल गया था कि सोनम हत्या में शामिल है। आकाश की शर्ट खून से सनी हुई मौका-ए-वारदात में मिली थी। सोनम ने अपना रेनकोट आकाश को दिया जो घटनास्थल से 6 किलोमीटर दूर मिला था। हत्या के बाद सभी 11 किलोमीटर दूर जाकर मिले थे।