शाहीन अफरीदी बने पाकिस्तान वनडे टीम के नए कप्तान, मोहम्मद रिजवान की छुट्टी.
शाहीन अफरीदी बने पाकिस्तान वनडे टीम के नए कप्तान, मोहम्मद रिजवान की छुट्टी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। वे चार नवंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से टीम की कमान संभालेंगे।

शाहीन इससे पहले 2024 की शुरुआत में पाकिस्तान टी20 टीम के कप्तान रह चुके हैं, लेकिन केवल दो महीने बाद ही उन्हें उस जिम्मेदारी से हटा दिया गया था। अब पीसीबी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए 50 ओवर के प्रारूप की कप्तानी सौंपी है।
पीसीबी ने यह फैसला सफेद गेंद क्रिकेट के कोच माइक हेसन, हाई परफॉर्मेंस निदेशक आकिब जावेद और राष्ट्रीय चयन समिति की इस्लामाबाद में हुई बैठक के बाद लिया।

मोहम्मद रिजवान, जिन्हें अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान की वनडे और टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था, को उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन न करने के कारण हटा दिया गया है। उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने 20 वनडे में से केवल 9 जीते और 11 में हार झेली, यानी जीत का प्रतिशत 45 फीसदी रहा।
टी20 में स्थिति और भी खराब रही — रिजवान की कप्तानी में पाकिस्तान को चारों मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टी20 टीम की कमान सलमान अली आगा को सौंप दी गई थी।
पीसीबी का यह फैसला एक बार फिर इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान क्रिकेट में नेतृत्व संकट अभी भी जारी है। शाहीन की आक्रामक और ऊर्जावान गेंदबाजी शैली अब उनके कप्तानी कौशल की कसौटी पर परखी जाएगी।