सीएम रेखा गुप्ता पर हमला, भावनात्मक पोस्ट में दोहराई दिल्लीवासियों के प्रति निष्ठा.
सीएम रेखा गुप्ता पर हमला, भावनात्मक पोस्ट में दोहराई दिल्लीवासियों के प्रति निष्ठा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की घटना के बाद उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने जीवन के संघर्षों, हालिया घटनाओं का ज़िक्र करते हुए दिल्ली के लोगों के प्रति अपनी अटूट निष्ठा दोहराई।

"आपकी मुख्यमंत्री, आपके द्वार" कार्यक्रम की घोषणा
सीएम गुप्ता ने एलान किया कि अब जनसुनवाई केवल मुख्यमंत्री आवास पर ही नहीं, बल्कि दिल्ली की हर विधानसभा में आयोजित की जाएगी।
इस पहल का नाम होगा "आपकी मुख्यमंत्री, आपके द्वार", जिसके तहत वह लोगों की समस्याएं सीधे सुनेंगी और उनका समाधान सुनिश्चित करेंगी।
संघर्षों का ज़िक्र और पिता की सीख
गुप्ता ने अपने कॉलेज के दिनों का अनुभव साझा करते हुए लिखा कि एक बड़े एक्सीडेंट के बाद वह लंबे समय तक गाड़ी चलाने से डरती रहीं।
उनके पिता ने समझाया— "जीवन में हादसे होते रहते हैं, डरकर रुकना नहीं है, रास्ता चलना नहीं छोड़ना है।"
गुप्ता ने कहा कि यही सीख आज फिर उन्हें याद आ रही है, क्योंकि हाल ही में उन पर अप्रत्याशित हमला हुआ, लेकिन वह दिल्ली के हितों के लिए संघर्ष करना कभी बंद नहीं करेंगी।
उन्होंने लिखा—
"मेरे जीवन का हर क्षण और शरीर का हर कण दिल्ली के नाम है। मैं इन सभी अप्रत्याशित प्रहारों के बावजूद दिल्ली का साथ कभी नहीं छोड़ूंगी।"
कवितामयी पंक्तियाँ
गुप्ता ने अपनी पोस्ट में पंक्तियाँ लिखीं—
"घिरे प्रलय की घोर घटाएं, पांवों के नीचे अंगारे,
सिर पर बरसें यदि ज्वालाएं, निज हाथों से हंसते-हंसते,
आग लगाकर जलना होगा, कदम मिलाकर चलना होगा।"
हमला और पुलिस कार्रवाई
गौरतलब हैं बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब राजेश नाम के एक व्यक्ति ने सीएम गुप्ता पर हमला कर दिया।
यह घटना सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जब वह साप्ताहिक जनसुनवाई कर रही थीं।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने आरोपी को तुरंत पकड़ लिया।
पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।