नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसा: तिलक समारोह से लौट रहे तीन चचेरे भाइयों की मौत, गांव में मातम.
नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसा: तिलक समारोह से लौट रहे तीन चचेरे भाइयों की मौत, गांव में मातम
नालंदा जिले के एकंगरसराय-जहानाबाद मुख्य मार्ग पर कठार पुल के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। तेज रफ्तार कार सामने से आ रही गाड़ी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत
हादसे में जहानाबाद जिले के टेनी बीघा गांव निवासी तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोनू कुमार (21), रोहित कुमार (22) और उद्देश्य कुमार (18) के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार से थे, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
दो युवकों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि तीसरे ने पटना ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, सभी युवक मसौढ़ी में एक दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। वे एकंगरसराय के भातु बीघा गांव से अपने घर टेनी बीघा जा रहे थे।
इसी दौरान कठार पुल के पास सामने से आ रही गाड़ी ने अचानक चकमा दे दिया। चालक संतुलन खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में 19 वर्षीय सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए उसे पटना स्थित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।