भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिन्ता, महाराष्ट्र में 66, यूपी में 10 नए केस, अब तक 11 लोगों की हो चुकी है मौत.
नई दिल्ली। भारत में एक बार फिर कोरोना पैर पसार रहा है। विभिन्न प्रदेशों में लगातार कोरोना के केस बढ़ते जा रहे हैं। भारत में बुधवार सुबह तक 1047 एक्टिव केस पाए गए। महाराष्ट्र में 66 और उत्तर प्रदेश में 10 नए मामले सामने आए हैं. कोविड 19 की वजह से मरने वालों की संख्या भी 11 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में 1010 एक्टिव केस थे, लेकिन अब इसकी संख्या बढ़ गई है। महाराष्ट्र में 66 नए केस सामने आए हैं, जिसमें 31 केस मुंबई शहर के हैं। महाराष्ट्र में कुल एक्टिव केस की संख्या 325 हो गया है। महाराष्ट्र के साथ ही यूपी में भी कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यहां 26 मई तक एक्टिव केस 15 थे, जो कि अब 10 और बढ़ गए हैं। गाजियाबाद में भी लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे। कोरोना मरीज की संख्या 14 पहुंच गई है। होम आइसोलेशन में 13 मरीज हैं और एक मरीज अस्पताल में भर्ती है। गाजियाबाद में एक 4 महीने का बच्चा भी पॉजिटिव पाया गया है। इसी तरह राजस्थान में कोरोना के कुल 7 नए मामले सामने आए हैं। जोधपुर में एक नवजात भी कोरोना से ग्रसित पाया गया है। कोरोना से अब तक 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में के मरीज शामिल हैं।