इंडिया-यूएस ट्रेड डील पर कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा-क्या अब भारत अमेरिका निर्भर बन रहा है.
नई दिल्ली। इंडिया- यूएस ट्रेड डील पर कांग्रेस लगातार हमलावर है। अब कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सुरजेवाला ने पूछा है कि क्या यूएस डील की चिंताओं के बीच भारत अमेरिका निर्भर बन रहा है? इस ट्रेड एग्रीमेंट में मोदी सरकार ने किसानों और खेती जमीन के मालिकों की बलि दी है।
सूरजेवाला ने कहा कि डिजिटल फ्रीडम और डेटा प्राइवेसी ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भारतीय हितों की रक्षा को मजबूत करने की बजाय एक मजबूत सरकार ने भारत की आजादी और डेटा प्राइवेसी से समझौता किया है। लोग पूछ रहे हैं कि यह एक मजबूत सरकार है या एक कमजोर सरकार है? क्या आत्मनिर्भर भारत है या अमेरिका निर्भर भारत? उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकार दुख हुआ कि जब हमारे विदेश मंत्री से भारत और यूएस ट्रेड डील के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया कि यह दूसरे डिपार्मेंट का है। जब हमारे विदेश मंत्री को भारत और यूएस के बीच अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट की समझ और जानकारी की कमी है, तो मुझसे ऐसे जवाब से संतुष्ट होने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह डील अमेरिका प्रोसेस्ड फलों और एडिशनल प्रोडक्ट्स के लिए घरेलू बाजार खोलकर भारतीयों की रोजी रोटी को तबाह कर देगी। सुरजेवाला ने कहा कि ट्रेड डील के लिए राष्ट्रीय हितों का सौदा करना मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि व्यापार समझौते आर्थिक प्रगति का रास्ता होते हैं, लेकिन वे समानता पर आधारित होने चाहिए और उनमें जनता का कल्याण सर्वोपरि होना चाहिए। व्यापारिक सौदे कभी भी गुलामी या संप्रभुता के सरेंडर (समर्पण) का जरिया नहीं बन सकते।