पुतिन ने की ‘बुरेवेस्टनिक’ मिसाइल के सफल परीक्षण की घोषणा, अमेरिका को दिया सख्त संदेश.
पुतिन ने की ‘बुरेवेस्टनिक’ मिसाइल के सफल परीक्षण की घोषणा, अमेरिका को दिया सख्त संदेश
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में नई परमाणु-संचालित क्रूज मिसाइल ‘बुरेवेस्टनिक’ के सफल परीक्षण का दावा किया है। यह घोषणा ऐसे समय आई है जब रूस पर अमेरिकी प्रतिबंध और यूक्रेन युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है।
पुतिन ने कहा कि रूस किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगा, भले ही अमेरिका और पश्चिमी देशों का दबाव क्यों न हो। विश्लेषकों के मुताबिक, पुतिन का यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीधा संदेश है कि रूस किसी दबाव में झुकने वाला नहीं है।

ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में रूस के तेल उद्योग पर नए प्रतिबंध लगाए हैं और यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम की अपील की थी। इसके जवाब में पुतिन ने अपने परमाणु अभ्यासों के माध्यम से स्पष्ट कर दिया कि मॉस्को यूक्रेन पर अपने रुख से पीछे नहीं हटेगा।
पुतिन ने यह भी कहा कि यूक्रेन को 2022 में कब्जाए गए चार क्षेत्रों से सेना हटानी होगी और NATO में शामिल होने की कोशिश छोड़नी होगी, तभी शांति संभव है।
रूसी सेना ने बताया कि ‘बुरेवेस्टनिक’ मिसाइल की टेस्ट फ्लाइट में मिसाइल ने 14,000 किलोमीटर की दूरी तय की और लगभग 15 घंटे तक उड़ान भरी।
रूस का दावा है कि ‘बुरेवेस्टनिक’ दुनिया की पहली ऐसी न्यूक्लियर-पावर्ड मिसाइल है जो कई दिनों तक लगातार उड़ान भर सकती है और किसी भी दिशा से दुश्मन पर वार करने में सक्षम है।
पुतिन ने इस मिसाइल को अमेरिका की मिसाइल शील्ड रणनीति का सीधा जवाब बताया और कहा कि यह परीक्षण रूस की परमाणु क्षमता और रणनीतिक स्वतंत्रता का प्रतीक है।