चीन में भारी बारिश से बाढ़ का संकट, कई प्रांतों में आपातकाल घोषित.
चीन में भारी बारिश से बाढ़ का संकट, कई प्रांतों में आपातकाल घोषित
भारी बारिश के बाद चीन के कई प्रांतों में बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए देश के बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने कई प्रांतों में आपातकालीन प्रतिक्रिया स्तर 4 लागू कर दिया है।

बाढ़ रोकथाम में स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए अनहुई और हुबेई में राहत एवं बचाव दल भेजे गए हैं। वहीं, जल संसाधन मंत्रालय ने हेनान, हुबेई, चोंगकिंग, सिचुआन और शानक्सी में बाढ़-नियंत्रण आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू कर दी है।
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 9 से 11 अगस्त के बीच सिचुआन, चोंगकिंग, दक्षिणी और मध्य अनहुई, दक्षिणी और मध्य हेनान, पूर्वी हुबेई, दक्षिणी गांसु और दक्षिणी शानक्सी में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। अत्यधिक वर्षा से यांग्त्ज़ी और उसकी सहायक नदियों के साथ-साथ मिंजियांग, तुओजियांग और जियालिंग नदियों का जल स्तर भी बढ़ सकता है।
सरकार ने राहत अभियान के लिए 54 होटलों का अधिग्रहण किया है, जबकि बाढ़ से विस्थापित लगभग 10,000 लोगों के लिए 14 केंद्रीकृत आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं। इनमें स्कूल और ग्राम प्रशासनिक केंद्र भी शामिल हैं।