कनाडा में भारतीय मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या, घर में घुसकर चाकू से किया हमला.
कनाडा में भारतीय मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या, घर में घुसकर चाकू से किया हमला
कनाडा के विंडसर शहर में भारतीय मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या कर दी गई है। अज्ञात हमलावर ने उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल नैन्सी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद वहां बसे भारतीय समुदाय में भी सनसनी फैल गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि विंडसर के टॉड लेन इलाके में रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल पर उनके घर के अंदर चाकू से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन चिकित्सा सेवा की टीम रात को मौके पर पहुंची टीम ने घायल नैन्सी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बुधवार शाम को पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक गंभीर आपराधिक मामला है और पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान के लिए लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी या वीडियो फुटेज हो तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
जालंधर मूल की नैन्सी ग्रेवाल पिछले कुछ समय से कनाडा में रह रही थीं और सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय थीं। वह एक यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में जानी जाती थीं और कई राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखती थीं।
बताया जा रहा है कि वह खालिस्तान समर्थक गतिविधियों की लगातार आलोचना करती थीं और इस विषय पर कई वीडियो साझा कर चुकी थीं। इसके अलावा बाबा गुरिंदर ढिल्लों, जो डेरा ब्यास के प्रमुख हैं, उनके खिलाफ भी उन्होंने सोशल मीडिया पर कई बार तीखी टिप्पणियां की थीं।
हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। नैन्सी ग्रेवाल की हत्या के बाद कनाडा में बसे भारतीय समुदाय और पंजाब के लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।