बनारस के मणिकर्णिका घाट पहुंचे प्रिंस यशवंत राव होलकर, प्रशासन से मांगी क्षतिग्रस्त मूर्तियां, वीडियो जारी कर बताया हाल.
वाराणसी। देवी अहिल्या द्वारा स्थापित वाराणसी के मणिकर्णिका घाट में प्रशासन द्वारा तोड़फोड़ के बाद खासगी देवी अहिल्याबाई होलकर चैरिटीज ट्रस्ट के प्रेसीडेंट प्रिंस यशवंतराव होलकर तृतीय वहां पहुंचे। उन्होंने प्रतिमाओं की पूजा कर सफेद कपड़े से ढंक दिया ताकि उन्हें नुकसान न पहुंचे।
उन्होंने वाराणसी के निगमायुक्त, संभागायुक्त और अन्य अफसरों से मुलाकात कर वस्तुस्थिति बताई। यशवंतराव होलकर ने कहा कि क्षतिग्रस्त मूर्तियां हमें सौंप दी जाए, ताकि हम उन्हें यहां फिर से स्थापित कर सकें, जिससे लोगों की श्रद्धा बनी रहे। वाराणसी के कलेक्टर सत्येंद्र ने कहा कि घाट की मूर्तियों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। उन्हें सुरक्षित रखा गया है। कुछ लोग एआई से घाट के गलत वीडियो बनाकर जारी कर रहे हैं। ऐसे लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के लिए हर साल लाखों लोग आते हैं। जगह की कमी रहती है और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाई आती है। उन समस्याओं को देखते हुए इसे विकसित किया जारहा है।
उसी स्थान पर लगाई जाएंगी मूर्तियां
प्रशासन ने कहा है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मूर्तियों को उसी स्थान पर लगाया जाएगा। मणिकर्णिका का घाट पर कलाकृतियां को संरक्षित कराया गया है। जो इसे लेकर भ्रम फैला रहे हैं उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर उन पर कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रिंस ने वीडियो जारी कर दी जानकारी
प्रिंस यशवंतराव होलकर ने वाराणसी से वीडियो जारी कर कहा कि स्थानीय प्रशासन से पूरा सहयोग मिल रहा है। वीडियो में उन्होंने आगे कहा कि मणिकर्णिका घाट पर मां अहिल्या देवी द्वारा विकसित घाट की तोड़फोड़ के बाद आज मैं यहां काशी आया हूं। आज उसकी हालत क्या हो गई है, मेरे पीछे देख सकते हैं। स्थानीय प्रशासन संभागायुक्त और निगमायुक्त से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी दी है। मैंने उनसे मांग की है कि इस घटना की जांच की जाए। जो जिम्मेदार लोग हैं, उन पर कार्रवाई की जाए। ये सबसे महत्वपूर्ण बात है कि मां साब की चार प्राचीन प्रतिमा जो मां साब ने खुद स्थापित की थी, अब दो बची है। तोड़फोड़ के बाद सरकार ने उन प्रतिमाओं को सुरक्षित कर लिया है। हमने प्रशासन से मांग की है कि इन प्रतिमाओं को खासगी ट्रस्ट को सौंप दिया जाए। ताकि हम सही ढंग से उन्हें मंदिर में रख सकें।
ताई ने वाराणसी कलेक्टर से की बात
वाराणसी में घाट तोड़े जाने की घटना के बाद पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने वाराणसी कलेक्टर सत्येंद्र कुमार से बातचीत की। कलेक्टर ने उनसे कहा कि प्रतिमाएं सुरक्षित कर ली गई हैं। उन्हें फिर घाट पर स्थापित किया जाएगा। घाट पर अंत्येष्टि के लिए ज्यादा शव आने लगे हैं। इस कारण घाट पर प्लेटफार्म, लकड़ी स्टोरेज, पूजा स्टोर, मुंडन स्थल बनाया जा रहा है। घाट पर मढ़ी को भी बनाया जाएगा। कलेक्टर ने यह भी स्वीकार किया कि मशीनों से तोड़े जाने के कारण जो प्रतिमाएं प्रभावित हुई हैं, उन्हें सुरक्षित रखा गया है।