वॉशिंगटन पोस्ट में बड़ी छंटनी से पत्रकारिता जगत में हलचल, शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर भी बाहर.
वॉशिंगटन पोस्ट में बड़ी छंटनी से पत्रकारिता जगत में हलचल, शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर भी बाहर
दुनिया के प्रतिष्ठित अखबार द वॉशिंगटन पोस्ट में हुई बड़े पैमाने की छंटनी ने वैश्विक पत्रकारिता को झकझोर कर रख दिया है। इस छंटनी में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे और वरिष्ठ पत्रकार ईशान थरूर भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा असर अखबार की अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग टीम पर पड़ा है, जहां पश्चिम एशिया समेत दिल्ली, बीजिंग और कीव जैसे अहम ब्यूरो बंद कर दिए गए हैं।
बुधवार को की गई इस छंटनी से वॉशिंगटन पोस्ट की अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग, स्पोर्ट्स डेस्क और कई अन्य विभाग बुरी तरह प्रभावित हुए। इस फैसले के बाद कई वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा साझा की। लंबे समय से अखबार से जुड़े रहे ईशान थरूर का नाम भी इस सूची में शामिल है।
ईशान थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि नौकरी से निकाले जाने का उन्हें गहरा दुख है। उन्होंने लिखा कि बीते 12 वर्षों में जिन अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों और संपादकों के साथ उन्होंने काम किया, उनसे अलग होना बेहद दिल तोड़ने वाला है। ईशान ने यह भी जिक्र किया कि 2017 में शुरू किया गया उनका कॉलम ‘वर्ल्ड व्यू’ उनके करियर का एक सम्मानजनक अध्याय रहा, जिसे लाखों पाठकों ने पढ़ा।
इस छंटनी का सबसे बड़ा असर अख़बार की अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग टीम पर पड़ा है। पश्चिम एशिया की पूरी टीम हटा दी गई है, जबकि दिल्ली, बीजिंग, कीव, लैटिन अमेरिका और बर्लिन जैसे अहम ब्यूरो या तो बंद कर दिए गए हैं या बहुत छोटे कर दिए गए हैं। यरुशलम ब्यूरो चीफ गेरी शिह ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सात साल तक दुनिया भर में रिपोर्टिंग करना उनके जीवन का खास अनुभव रहा। उन्होंने लिखा, “आज का दिन दुखद है, लेकिन हमने सच्ची पत्रकारिता की।”
अखबार प्रबंधन का कहना है कि यह कदम बड़े पुनर्गठन के तहत उठाया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फैसले से वॉशिंगटन पोस्ट के लगभग एक-तिहाई कर्मचारियों पर असर पड़ा है।