बीजापुर के जंगलों में सुरक्षाबलों की कार्रवाई, मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर.
बीजापुर के जंगलों में सुरक्षाबलों की कार्रवाई, मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह मुठभेड़ जिले के दक्षिणी हिस्से के जंगलों में उस वक्त शुरू हुई, जब सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम एंटी-नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी।
सुबह करीब 7:30 बजे शुरू हुई फायरिंग अभी जारी बताई जा रही है। अब तक मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव और एक एके-47 राइफल बरामद की गई है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन के पूरी तरह खत्म होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इस ताज़ा कार्रवाई के साथ ही इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे गए माओवादियों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। इससे पहले 3 जनवरी को बस्तर क्षेत्र में हुई दो मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 14 माओवादियों को ढेर किया था। बस्तर संभाग में कुल सात जिले आते हैं, जिनमें बीजापुर भी शामिल है।
पिछले साल छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ों में कुल 285 माओवादी मारे गए थे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 31 मार्च तक देश से लेफ्ट-विंग एक्सट्रीमिज्म को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य तय किया है।