धोखे और स्वांग का चुनाव’: शेख हसीना ने बांग्लादेश आम चुनाव पर उठाए गंभीर सवाल.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हालिया आम चुनाव को “धोखे और स्वांग का चुनाव” करार देते हुए उसकी निष्पक्षता पर कड़े सवाल उठाए हैं। उनकी पार्टी आवामी लीग ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत बयान जारी कर चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए।
बयान के अनुसार, शेख़ हसीना ने कहा, “मतदान केंद्रों पर मतदाता नहीं थे, फिर भी मतगणना की मेजों पर वोट मौजूद थे।” उन्होंने 12 फरवरी को हुए चुनाव को “पहले से तय किया गया धोखा” बताते हुए कहा कि यह बांग्लादेश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक शर्मनाक अध्याय के रूप में दर्ज होगा।
पूर्व प्रधानमंत्री ने चुनावी आंकड़ों को ‘असंगत और झूठा’ बताते हुए मतदान प्रतिशत में अचानक आई बढ़ोतरी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “मतदान की रफ़्तार आम तौर पर सुबह, खासकर 11 बजे से पहले सबसे तेज़ होती है। फिर भी उस दौरान केवल 14.96% मतदान दर्ज हुआ और दोपहर तक यह अचानक बढ़कर 32.88% हो गया। एक ही घंटे में इतना उछाल असामान्य है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी कुल मतदान आंकड़े जमीनी हालात से मेल नहीं खाते। उनके मुताबिक, कई स्थानों पर मतदान केंद्र खाली थे, बूथ निष्क्रिय पड़े थे और मतदाताओं की उपस्थिति नगण्य थी।
इसके अलावा शेख हसीना ने जनमत संग्रह की प्रक्रिया और उसके नतीजों को जारी करने में हुई देरी पर भी सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की।