अमेरिका में लापता भारतीय छात्र: UC बर्कले के साकेत श्रीनिवासैया की तलाश तेज.
अमेरिका में पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया के लापता होने की खबर ने परिवार और समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। कर्नाटक के रहने वाले साकेत यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में पोस्ट-ग्रेजुएट की पढ़ाई कर रहे थे।
सैन फ्रांसिस्को स्थित कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया सैन फ्रांसिस्को ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। कॉन्सुलेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह साकेत के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर छात्र का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।
साकेत के रूममेट बनेत सिंह ने भी उनकी तलाश में मदद की अपील की है। उन्होंने लिंक्डइन पर पोस्ट करते हुए बताया कि साकेत सोमवार, 9 फरवरी से लापता हैं और उन्हें आखिरी बार बर्कले हिल्स में लेक अंजा के पास देखा गया था। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि अगर किसी को इस इलाके में उनके बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत संपर्क करें।
यह पहली बार नहीं है जब विदेश में पढ़ रहे भारतीय छात्रों के साथ ऐसी घटना सामने आई हो। कई मौकों पर भारतीय छात्रों ने भेदभाव, नस्लीय हमलों और प्रशासनिक लापरवाही की शिकायतें की हैं। फिलहाल साकेत श्रीनिवासैया की तलाश जारी है और परिवार व भारतीय समुदाय उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहा है।