पंजाब के सीएम भगवंत मान की अनूठी पहल, बच्चा या टीचर गैरहाजिर तो पैरेंट्स को जाएगा मैसेज.
पंजाब। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक अनूठी पहल की है। 1 अप्रैल से सरकार नया सिस्टम लागू करने जा रही है, जिसके तहत अगर कोई छात्र स्कूल नहीं आता है तो उसके माता-पिता को तुरंत एसएमएस के जरिए सूचना मिल जाएगी। खास बात यह है कि यह व्यवस्था सिर्फ छात्रों तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि टीचर की गैर हाजिरी की जानकारी भी पैरेंट्स तक पहुंचाई जाएगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि शिक्षा को मजबूत करने के लिए जवाबदेही जरूरी है। इस दिशा में यह एसएमएस अलर्ट सिस्टम शुरू किया जा रहा है, जिससे पैरेंट्स को बच्चों की पढ़ाई से सीधी जोड़ा जा सके। नई व्यवस्था के तहत स्कूल खुलने के बाद तय समय में छात्रों की हाजिरी ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य होगा। जैसे ही किसी छात्र को एब्सेंट मार्क किया जाएगा, उसी समय उसके माता-पिता के मोबाइल पर एसएमएस पहुंच जाएगा। अगर कोई छात्र लगातार 2 दिन तक स्कूल नहीं आता तो स्कूल स्टाफ परिवार से सीधे कांटेक्ट करेगा और एब्सेंट रहने का कारण जानने की कोशिश करेगा। इसके लिए ई-पंजाब पोर्टल पर नया हाजिरी मॉड्यूल जोड़ा गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया रियल टाइम में संचालित होगी। इसमें टीचर की अनुपस्थिति पर भी निगरानी रखी जाएगी, अगर कोई टीचर अनुपस्थित रहता है तो उसकी जानकारी भी पैरेंट्स तक पहुंचाई जाएगी। इससे स्कूलों में जवाबदेही बढ़ाने और पैरेंट्स का भरोसा मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।